स्त्री देह का उत्सव

स्त्री देह का उत्सव

भूमंडलीकरण के इस दौर में
पश्चिम की तमाम उत्सवधर्मिता
हम चाहे अचाहे कर रहे हैं आयातित
अपने बुद्धि विवेक को
ताखे पर रखकर भी
अपने देश की
देह का उत्सव मनातीं उन्मुक्त स्त्रियाँ
एक ताजादम मिसाल है इसका
फैशन शो की रैम्प की
कामुक जिस्म नुमाईश हो या कि
बार गर्ल्स और खेल के मैदानों में
चीयर गर्ल्स का मद छलकाता
कातिल जलवा
या फिर सिनेतारिकाओं की
मोहक देह अदा
इन सब में कामोत्तेजक अवयवों पर
अधिक फ्लैश होता है
यही गणित आयद होता है
झीने छोटे अल्प वस्त्रों में
स्त्री देह को प्रस्तुत करने में भी
वहीं वहीं वस्त्रों का हरण क्षरण होता है
जिन नार अंगों को निहारते
मर्दों का फन फन से जाग उठता है
स्त्री बसनों की फैशन डिजाइनिंग की
कतर ब्योंत में ही दरअसल
सेक्स अपील की
भरपूर छौंक शामिल होती है
देह का यह चरम उत्सव
नारी स्वतंत्रता की
पुरुषकामित परिभाषा की
आड़ लेकर ही घटित होता है
और यह परिभाषा
नारी देह के वितान में अंटा कर
गढ़ी गई होती है।
मसलन
काम अपील की तन शक्ति को
आम करना बोल्ड नारीत्व का
निदर्शन बन गया है आजकल
काम अंगों का स्त्री देह पर प्रसार
नर की बनिस्बत अधिक मुखर है
बावजूद इसके पुरुष वर्चस्व वाले
इस समाज में
देह को वस्त्र से मुक्त करने का चलन
महिलाओं में अधिक रहा है
दुनिया के किसी आन समाज से
कहीं ज्यादा
दकियानूस उत्सवसेवी रहा है
हमारा समाज
नारी रूप ईश्वर भी पूजे जाते रहे हैं यहाँ खूब
सामंती रचाव वाले पुरुष मन के लिए
अंगना देह का उत्सव
भले ही रहा हो सदियों से
पर कथित आधुनिकताओं का
अपनी मनमर्जी
स्त्री देह का उद्दाम उत्सव मनाना
भारतीय जैसे बंद समाज के देह खुलेपन का
बिलकुल नया प्रसंग हैं
खुलेपन की देह पर भी
बेशक अलग अलग मत होंगे
किसे कोई नाजायज कहे
उसे ही कोई करार दे जायज
पर स्त्री देह के खुलेपन के
जायज नाजायज होने का मापक
हो सकती है यह कवायद
कि आजादी पसंद आधुनिकताएं
अपनी देह का उत्सव मनाना
कर दे स्थगित और आंके
करके इंतजार कि
स्त्री देह से लगी अपनी यौन उत्कंठा एवं
उत्सवप्रियता की बेचैनी का
पुरुष किस बेकरारी से
इजहार करता है।


Image: Costumes Parisiens Fashion Illustration No.30, Journal Des Dames Et Des Modes, 1912. Manteau De Zibeline
Image Source: WikiArt
Artist: George Barbier
Image in Public Domain

मुसाफिर बैठा द्वारा भी