चाँद चाँद ही रहेगा

चाँद चाँद ही रहेगा

चंद्रयान पहुँच गया चाँद पर
हम जान गए चाँद की खूबसूरती का रहस्य
फिर भी चाँद चाँद ही रहेगा
चंद्रमुखियाँ बनी रहेंगी चंद्रमुखी

चंद्रमुखियों की गली में उतरता रहेगा
टेढ़े मुँह वाला चाँद बन ठन कर

गरीब बच्चों का बना रहेगा चंदा मामा
और वक्त जरूरत सोने की कटोरी में
दूध-भात लेकर हाज़िर होता रहेगा

उसके होने से चार दिन की ही सही
आती रहेंगी चाँदनी रातें

चाँदनी में नहाती रहेगी धरती
चाँदनी हमारे सपनों में उजास भरती रहेगी

कविताएँ लिखी जाती रहेंगी चाँद के बारे में
जिसे चाव से पढ़ेंगे चाँद के रहस्य लोक का
भेदन करने वाले वैज्ञानिक

क्योंकि वे भी
बिल्कुल कवियों की तरह
दिन रात पृथ्वी को
सुंदर बनाने का सपना देख रहे होते हैं।


Image: riverbank in moonlight-1875
In valley and distant jan brueghel the elder
Image Source: WikiArt
Artist : Charles Francois Daubigny
Image in Public Domain