मेरे पासपोर्ट का रंग

मेरे पासपोर्ट का रंग

मेरा पासपोर्ट नीले से लाल हो गया है
मेरे व्यक्तित्व का एक हिस्सा
जैसे कहीं खो गया है।

मेरी चमड़ी का रंग आज भी वही है
मेरे सीने में वही दिल धड़कता है
जन गण मन की आवाज, आज भी
कर देती है मुझे सावधान!
और मैं, आराम से, एक बार फिर
बैठ जाता हूँ, सोचना जैसे टल जाता है
कि पासपोर्ट का रंग
कैसे बदल जाता है।

भावनाओं का समुद्र उछाल भरता है
आइकैरेस सूरज के निकट हुआ जाता है
पंख गलने में कितना समय लगेगा?
धड़ाम! धरती की खुरदरी सतह
लहूलुहान आकाश हो गया!
रंग आकाश का कैसे जल जाता है?
पासपोर्ट का रंग कैसे बदल जाता है?

मित्रों ने देशद्रोही कर दिया करार
लाख चिल्लाया, लाख की पुकार
उन्हें समझाया, अपना पहलू बताया
किंतु उन्हें, न समझना था
न समझे, न ही किया प्रयास
मित्रों का व्यवहार कैसे छल जाता है!
कि पासपोर्ट का रंग
कैसे बदल जाता है।

जगराँव से लुधियाना जाना,
ग्रामद्रोह कहलाएगा
लुधियाने से मुंबई में बसना
नगरद्रोह बन जाएगा
मुंबई से लंदन आने में
सब का ढंग बदल जाता है
पासपोर्ट का रंग बदल जाता है।


Image : Composition N. 1 with Red and Blue
Image Source : WikiArt
Artist : Piet Mondrian
Image in Public Domain